मुंबई. उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने डॉ. कफील खान को बुधवार को मुंबई से गिरफ्तार किया है। गोरखपुर के रहने वाले डॉ. कफील पर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने का आरोप है। 13 दिसंबर को अलीगढ़ में भड़काऊ भाषण देने के मामले में उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था।
‘सीएए से मुसलमान सेकंड क्लास हो जाएंगे’
पुलिस के मुताबिक, डॉ. कफील ने 12 दिसंबर को एएमयू में करीब 600 छात्रों को सीएए को लेकर भड़काऊ भाषण दिया था। कफील ने कहा था, ‘‘सीएए मुसलमानों को सेकंड क्लास का नागरिक बनाता है और एनआरसी लागू होते ही लोगों को प्रताड़ित किया जाना शुरू हो जाएगा।’’ कफील ने बताया कि वह फरार नहीं था, बल्कि ‘मुंबई बाग’ में हो रहे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए गया था। ‘मुंबई बाग’ में नागरिकता कानून के विरोध में महिलाएं दिल्ली के शाहीन बाग की तर्ज पर प्रदर्शन कर रहीं हैं।